दाे माेटरसाइकिल की भिड़ंत में गंभीर घायल आरक्षक की माैत, दाे का इलाज जारी

दाे माेटरसाइकिल की भिड़ंत में गंभीर घायल आरक्षक की माैत, दाे का इलाज जारी
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में दाे दिन पहले हुए भीषण सड़क हादसे में घायल पुलिस आरक्षक रुपेश राजपूत की आज गुरुवार काे इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं एक पुलिसकर्मी समेत दो लोगों का इलाज जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक रुपेश राजपूत डीएसबी शाखा में पदस्थ थे। सोमवार को अपने एक साथी आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव से जुड़ी जानकारी एकत्रित करने ड्यूटी पर गए थे। ड्यूटी पूरी कर दोनों माेटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लोहारा नगर पंचायत की सीमा में सामने से आ रही तेज रफ्तार माेटरसाइकिल ने उनकी माेटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी माेटरसाइकिल सवार युवक भी घायल हुआ। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आरक्षक रुपेश राजपूत को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया था।

रायपुर के एक निजी अस्पताल तीन दिन जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़नेे के बाद आखिर में आज आरक्षक रुपेश राजपूत ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य दो लोगों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि दो दिन पूर्व दो माेटरसाइकिल की भिड़ंत में दो पुलिसकर्मियों समेत तीन लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल पुलिस जवान रुपेश राजपूत की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Subscribe Now