रांची : राजधानी रांची के हरमू स्थित पटेल चौक के पास महिला से मोबाइल लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों और एक विधि विरुद्ध किशोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। यह घटना 30 अप्रैल 2026 की दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार तीन अपराधियों ने हरमू के पटेल चौक के पास एक महिला को निशाना बनाया था। अपराधियों ने महिला पर चाकू से हमला कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। हमले में महिला घायल हो गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
अरगोड़ा थाना में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर अरगोड़ा थाना में 2 मई 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) और 309(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस टीम ने जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। लगातार निगरानी और छापेमारी के बाद 19 मई 2026 को हरमू इलाके से दो अपराधियों और एक किशोर को पकड़ लिया गया।
बरामद हुई बाइक, चाकू और मोबाइल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल नंबर JH01FV6679 बरामद की गई है। इसके अलावा चाकू और महिला से लूटा गया मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अली उर्फ सुफियान अली और अब्बू रेहान उर्फ आर्यन के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 19 साल बताई जा रही है। दोनों आरोपी रांची के हिंदीपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित निजाम नगर नदी ग्राउंड इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने एक विधि विरुद्ध किशोर को भी हिरासत में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन आरोपियों का संबंध किसी अन्य लूट या छिनतई की घटनाओं से तो नहीं है। रांची पुलिस का कहना है कि शहर में बढ़ती लूट और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।





