BREAKING NEWS

जाम, नशा और अवैध खनन पर आवाज उठाना पड़ा भारी, युवक ने लगाई सुरक्षा की गुहार

जाम, नशा और अवैध खनन पर आवाज उठाना पड़ा भारी, युवक ने लगाई सुरक्षा की गुहार
किशनगंज। जिले के ठाकुरगंज निवासी अमित राज यादव ने अवैध बालू खनन और भारी वाहनों के परिचालन के खिलाफ आवाज उठाने के बाद खुद और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग जिला प्रशासन से की है।

इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। अमित राज यादव ने अपने आवेदन में कहा है कि उन्होंने 5 मई 2026 को ठाकुरगंज थाना परिसर में आयोजित पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक के समक्ष अवैध बालू खनन, नो-एंट्री के दौरान भारी मालवाहक वाहनों के परिचालन, जाम की समस्या, स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी तथा नशा मुक्ति जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शिकायत के बाद बालू घाट संचालकों से जुड़े कथित लोगों और गुर्गों द्वारा उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं तथा उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने एवं झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची जा रही है।

इस कारण उनके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। अमित राज यादव ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम लोगों का पुलिस और प्रशासन पर विश्वास बना रहे तथा लोग निर्भीक होकर जनहित के मुद्दे उठा सकें।

पुलिस अधीक्षक को दिए एक अन्य आवेदन में उन्होंने ठाकुरगंज नगर में जाम और नशे की बढ़ती समस्या की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने कहा कि शिव मंदिर के समीप जैन धर्मशाला से कृष्णापुरी मुख्य सड़क तक टोटो, पिकअप और भारी वाहनों के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही नगर में स्मैक और शराब जैसे नशे के बढ़ते प्रचलन तथा चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

Subscribe Now