नारनाैल : नारनौल में दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच की ओर से रविवार को चंडीगढ़.बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन को प्रतिदिन चलाने की मांग उठाई गई। मंच के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष अशोक कटारिया के नेतृत्व में नारनौल रेलवे स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर रेल मंत्रालय से इस दिशा में कार्रवाई करने की मांग की।
मंच के उपाध्यक्ष महेश बाखालिया ने बताया कि वर्तमान में गाड़ी संख्या 22451/52 चंडीगढ़-बांद्रा एक्सप्रेस सप्ताह में केवल दो दिन संचालित होती है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नारनौल और अटेली क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, व्यापार और सरकारी कार्यों के लिए चंडीगढ़ आते-जाते हैं, लेकिन पर्याप्त रेल सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरी में सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता है।उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ हरियाणा की राजधानी है, ऐसे में दक्षिण हरियाणा के लोगों के लिए वहां तक सीधी और नियमित रेल सेवा उपलब्ध होना जरूरी है। यदि इस ट्रेन का संचालन प्रतिदिन किया जाता है तो इससे हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि चंडीगढ़-बांद्रा एक्सप्रेस के नियमित संचालन से नारनौल, अटेली और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में राहत मिलेगी। साथ ही दिल्ली या अन्य स्टेशनों पर बार-बार ट्रेन बदलने की समस्या भी कम होगी।
रेलयात्री जागरूक मंच के सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस मांग को उठा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के संचालन को प्रतिदिन करने पर सकारात्मक निर्णय लेगा। इस मौके पर मंच के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने स्टेशन परिसर में पौधे लगाए और सफाई अभियान भी चलाया।





