सीवान। रेल यात्रियों के सामानों की चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को आरपीएफ, जीआरपी एवं सीपीडीएस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किया गया करीब 30 हजार रुपये मूल्य का रेडमी कंपनी का मोबाइल भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के निर्देश पर निरीक्षक ट्रेन स्कॉर्ट कंपनी गोरखपुर तथा प्रभारी निरीक्षक सीवान के नेतृत्व में मंगलवार को सीपीडीएस टीम, आरपीएफ पोस्ट सीवान, ट्रेन स्कॉर्ट कंपनी गोरखपुर पूर्व एवं जीआरपी की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में गश्त कर रही थी।
इसी दौरान गाड़ी संख्या 11124 बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर पहुंचने पर कोच एस के बर्थ संख्या 66 पर यात्रा कर रहे यात्री मुकेश कुमार मुखिया का मोबाइल चोरी कर भाग रहे युवक को टीम ने दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नया किला वार्ड-12 निवासी 20 वर्षीय इमरान, पिता शकील अहमद के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी छपरा-भटनी रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में घूमकर यात्रियों के कीमती सामानों की चोरी करता था। उसके पास से बरामद रेडमी मोबाइल की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में रेल थाना सीवान में कांड संख्या 79/26 दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच रेल पुलिस द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में सीपीडीएस टीम के सब इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, आरपीएफ पोस्ट सीवान के सब इंस्पेक्टर मयंक भूषण तिवारी, कांस्टेबल विजय यादव, बलवीर सिंह यादव, सुभाष यादव एवं नीरज पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी कर भाग रहा शातिर चोर धराया
May 20 2026 11:26AM
2 मिनट का रीड
288691
17





