जयपुर, 26 जून (हि.स.)। राजस्थान में प्री-मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। गुरुवार (25 जून) को जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में दोपहर बाद तेज आंधी के साथ बारिश हुई।
राजधानी जयपुर में एक घंटे में करीब 2 इंच बारिश हुई, जिससे कई सड़कें जलमग्न हो गईं और जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। कई वाहन पानी में बंद हो गए।
तेज आंधी के कारण जयपुर के रामनिवास बाग, जोरावर सिंह गेट और किशनपोल बाजार सहित कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। पेड़ों के नीचे बाइक और अन्य वाहन दब गए। वहीं नागौर, भीलवाड़ा, जोधपुर और कोटा के विभिन्न क्षेत्रों में भी 20 से 35 मिमी तक बारिश मापी गई।
मौसम विभाग ने शुक्रवार (26 जून) को प्रदेश के 27 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है तथा आगामी 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के राजस्थान में प्रवेश करने के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
बारिश के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्मी का असर बना रहा। गुरुवार को फलोदी में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
इसके अलावा श्रीगंगानगर में 41.0, जैसलमेर में 40.8, बाड़मेर में 40.5, चूरू में 39.8, पिलानी में 39.4, बीकानेर में 39.3, जोधपुर में 39.2, करौली में 39.0, दौसा में 38.8 तथा पाली में 38.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटे में नागौर जिले के डेगाना में 35 मिमी, सांजू में 25 मिमी, खींवसर में 13 मिमी, भीलवाड़ा के सहाड़ा में 22 मिमी, जोधपुर के भोपालगढ़ में 20 मिमी, कोटा के चेचट में 17 मिमी, बीकानेर के छतरगढ़ में 14 मिमी, सवाई माधोपुर के बामनवास में 10 मिमी, राजसमंद के रेलमगरा में 5 मिमी, धौलपुर के बसेड़ी में 5 मिमी तथा कोटा के कानावास में 4 मिमी वर्षा मापी गई।
राजस्थान में प्री-मानसून सक्रिय: जयपुर में एक घंटे में 2 इंच बारिश, अगले एक सप्ताह तक बरसात के आसार
Jun 26 2026 6:51AM
2 मिनट का रीड
549593
11





