अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि थाना लार पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन लेकर चनुकी पुल की ओर भाग निकला। इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही थाना भाटपार रानी पुलिस, जो फुलवरिया चौराहे पर चेकिंग कर रही थी, घेराबंदी के लिए चनुकी पुल की ओर रवाना हुई। उन्होंने बताया कि
पुलिस के पीछा करने पर पिकअप चालक बैरियर तोड़ते हुए चनुकी मोड़ की ओर भागा, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया। इसके बाद वाहन में सवार चारों लोग भागने लगे। पुलिस से खुद को घिरा देख एक आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपार रानी भेजा गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपिताें को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी में एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा उसमें लदे आठ गोवंशीय पशु शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ में घायल आरोपित ने अपना नाम मोहम्मद मुन्ना निवासी जिला सिवान (बिहार) बताया। अन्य गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान चंदन चौरसिया निवासी थाना मईल तथा मोहम्मद फैजल और अनवर अंसारी निवासी थाना लार, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपिताें के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





