रतिया में भीषण सडक़ हादसा, पिकअप की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत

रतिया में भीषण सडक़ हादसा, पिकअप की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत
फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद जिले में रतिया-मीराना मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप गाड़ी ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव प्लाटा निवासी कर्म सिंह और रंजीत सिंह के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ड्राइवर गाड़ी को मौके पर ही छोडक़र फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कर्म सिंह और रंजीत सिंह दोनों पेशे से किसान थे और दोनों के पास संयुक्त रूप से करीब 18 एकड़ जमीन है। सोमवार को दोनों भाई किसी निजी काम से रतिया तहसील में पटवारी से मिलने गए थे। तहसील का काम निपटाने के बाद जब वे अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने गांव प्लाटा लौट रहे थे, तभी मीराना गांव के पास सामने से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही दोनों भाई बाइक सहित सडक़ पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से दोनों को आनन-फानन में रतिया के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस टीम भी तुरंत अस्पताल व मौका-ए-वारदात पर पहुंची।

सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ने दुर्घटनास्थल से पिकअप गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा, लेकिन गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसकी पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि कर्म सिंह और रंजीत सिंह कुल चार भाई थे, जिनमें ये दोनों सबसे छोटे थे। मृतक दोनों भाइयों के एक-एक बेटा और एक-एक बेटी हैं। चारों बच्चे उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Subscribe Now