नारनाैल,। चिट्टा बेचने के आरोपों से घिरे नारनाैल थाना में तैनात पुलिसकर्मी संजय को बुधवार को निलंबित कर दिया गया। वहीं, पुलिसकर्मी की तरफदारी करने के आरोपों के बीच थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह का भी तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अनिल कमांडो को नया एसएचओ बनाया गया है।
हंगामे के दौरान एसएचओ वीरेंद्र सिंह ने लोगों के आरोपों को लेकर कहा था कि प्रदर्शन कर रहे लोगों ने खुद शराब पी रखी है। उन्होंने यह भी बताया था कि पुलिसकर्मी मोहल्ले में दूध खरीदने के लिए जाता था। उनके अनुसार, पुलिसकर्मी द्वारा चिट्टा बेचने का कोई मामला सामने नहीं आया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिसकर्मी संजय का मेडिकल कराया गया।
बुधवार को मेडिकल रिपोर्ट में उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस विभाग ने उसे निलंबित कर दिया।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि लोगों ने पुलिसकर्मी पर शराब के नशे में होने और नशीले पदार्थ बेचने के आरोप लगाए थे। मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है। हालांकि, नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े आरोपों के संबंध में अभी कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। जांच में कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





