फतेहाबाद : ऑपरेशन क्लीन से महकमे में हडक़ंप, लगातार तीसरे दिन तबादले

फतेहाबाद : ऑपरेशन क्लीन से महकमे में हडक़ंप, लगातार तीसरे दिन तबादले
फतेहाबाद। फतेहाबाद पुलिस महकमे में इस वक्त जबरदस्त खलबली मची हुई है। भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ एसपी निकिता खट्टर ने ऑपरेशन क्लीन चला रखा है, जिसके तहत गुरूवार को लगातार तीसरे दिन भी ताबड़तोड़ ट्रांसफर किए गए हैं। एक के बाद एक सामने आए तीन बड़े मामलों के बाद एसपी पूरी तरह एक्शन मोड में हैं। दागी व लापरवाह कर्मचारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। बता दें कि फतेहाबाद पुलिस में लगातार ऐसे मामले सामने आए जिसने महकमे की साख पर सवाल खड़े कर दिए।

 इसी को देखते हुए एसपी ने यह सख्त रुख अपनाया है। पहले मामले में सदर फतेहाबाद के मालखाने से शराब गायब होने के मामले में तत्कालीन एसएचओ प्रहलाद सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके तुरंत बाद टोहाना में उप निरीक्षक महेंद्र को रिश्वत के आरोप में पकड़ा गया। हद तो तब हो गई जब तीसरा मामला भट्टू थाने से आया, जहां तैनात एएसआई तलविंद्र कौर को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कथित रूप से 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। 

लगातार हो रही किरकिरी के बाद एसपी निकिता खट्टर ने आज जिले के पुलिस बेड़े में बड़ा फेरबदल किया है। नई सूची में फतेहाबाद महिला थाना प्रभारी अरुणा का तबादला कर दिया गया है। अब उनकी जगह मंजू सिंह को नया महिला थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि अरुणा को दुर्गा शक्ति का चार्ज सौंपा गया है। थाना शहर फतेहाबाद के अंतर्गत आने वाली हुडा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र पिलानिया को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। अब एसआई रजत हुडा चौकी के नए इंचार्ज होंगे। ऑपरेशन क्लीन की जद में आए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से पुलिस लाइन का रास्ता दिखा दिया गया है। एसआई महावीर को भट्टू थाने से, एसआई नरेंद्र को सिटी फतेहाबाद से, एएसआई देवेंद्र को भूना थाने, एसआई रामपाल को जाखल से, एसआई सुशीला को जाखल से, एएसआई मनीष को जाखल से, एचसी संदीप को सीआईए से, एचसी बालकिशन को हुडा चौकी से तथा ईएचसी महावीर को बस स्टैंड चौकी से पुलिस लाइन भेजा गया है। एसपी के इस कड़े रुख से साफ है कि फतेहाबाद पुलिस में भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Subscribe Now