कालीघाट मेट्रो स्टेशन पर व्यक्ति ने पटरी पर कूदने की कोशिश की, कुछ देर बाधित रही ब्लू लाइन सेवा
कोलकाता, 27 जून (हि. स.)। शनिवार सुबह कोलकाता मेट्रो के कालीघाट स्टेशन पर एक यात्री द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने से ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवा कुछ समय के लिए प्रभावित रही। घटना के कारण महानायक उत्तम कुमार से मैदान स्टेशन के बीच मेट्रो परिचालन रोक दिया गया, जिससे सुबह के समय यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान आंशिक रूप से सेवा संचालित की गई। महानायक उत्तम कुमार से शहीद खुदीराम तक अप और डाउन दोनों दिशाओं में तथा मैदान से दक्षिणेश्वर तक मेट्रो चलती रही। बाद में स्थिति सामान्य होने पर सुबह 7:44 बजे से पूरी ब्लू लाइन पर नियमित सेवा बहाल कर दी गई।
मेट्रो प्रशासन ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि कालीघाट स्टेशन पर एक यात्री द्वारा आत्महत्या के प्रयास के कारण सुबह की सेवाएं प्रभावित हुईं। हालांकि, कर्मचारियों की तत्परता से स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया और परिचालन सामान्य कर दिया गया।
शनिवार को सप्ताहांत होने के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यालय खुले होने के कारण ब्लू लाइन पर रोजाना की तरह अच्छी-खासी भीड़ थी। सेवा बाधित होने से कई यात्री विभिन्न स्टेशनों पर फंस गए। टालिगंज स्टेशन पर कुछ यात्रियों को मेट्रो से उतार दिया गया, जबकि कई स्टेशनों पर ट्रेनें रोकनी पड़ीं। इसके बाद बड़ी संख्या में यात्रियों ने बस और अन्य वैकल्पिक परिवहन साधनों का सहारा लिया। सेवा बाधित रहने के दौरान स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ भी बढ़ गई।
गौरतलब है कि कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। प्लेटफॉर्म और पटरियों के बीच पूर्ण सुरक्षा अवरोध नहीं होने के कारण इन स्टेशनों को संवेदनशील माना जाता है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए कालीघाट स्टेशन पर गार्ड रेल भी लगाई गई है, लेकिन इसके बावजूद व्यक्ति के सुरक्षा अवरोध के बीच से निकलकर पटरी पर कूदने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।





