BREAKING NEWS

दामोदर वैली कॉरपोरेशन की बड़ी कार्रवाई, 110 अवैध मकान जमींदोज

दामोदर वैली कॉरपोरेशन की बड़ी कार्रवाई, 110 अवैध मकान जमींदोज


पश्चिम बर्दवान।

दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) ने शनिवार को आसनसोल के बाराबनी और सालानपुर की सीमा से सटे मैथन लेफ्ट बैंक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दो बुलडोजरों की मदद से करीब 110 अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद सैकड़ों लोग बेघर हो गए।

डीवीसी ने इससे पहले अतिक्रमणकारियों को मकान खाली करने के लिए एक महीने का नोटिस जारी किया था। 15 जून को पांच मकानों को तोड़े जाने के बाद स्थानीय विधायक अरिजीत राय के हस्तक्षेप पर प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को एक महीने की अतिरिक्त मोहलत दी थी। निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद शनिवार को फिर से अभियान शुरू किया गया और शेष अवैध निर्माणों को हटा दिया गया।

डीवीसी अधिकारियों के अनुसार लेफ्ट बैंक क्षेत्र में बने सभी 110 मकान निगम की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा और भूमि संरक्षण के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक था तथा आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

वहीं प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे पिछले लगभग 22 वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहे थे। उनका आरोप है कि बिना किसी पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था के बरसात के मौसम में उनके घर तोड़ दिए गए, जिससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। प्रभावित लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत और पुनर्वास की मांग की है।

डीवीसी की इस कार्रवाई के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई, जबकि प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Subscribe Now