BREAKING NEWS

देवासः घास काटने के लिए खेत में गए किसान पर तेंदुए ने किया हमला

देवासः घास काटने के लिए खेत में गए किसान पर तेंदुए ने किया हमला
देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर नेवरी के समीप रोजड़ी गांव में घास काटने के लिए जा रहे किसान पर शुक्रवार सुबह एक तेंदुए ने हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गए। घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर के अनुसार हालात सामान्य है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रोजड़ी निवासी लाखनसिंह पुत्र गुलाबसिंह राजपूत शुक्रवार सुबह अपनी गाय के लिए घास काटने खेत पर गए थे। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। लाखनसिंह ने अपने हाथ में दराती होने के कारण किसी तरह अपना बचाव किया और जान बचाई। हमले में किसान के गले और कंधे पर गहरे नाखून के घाव लगे हैं, साथ ही दांत के निशान भी पाए गए हैं। घटना के बाद ग्रामीण लाखनसिंह को घायल अवस्था में देवास के जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की सर्चिंग शुरू कर दी है।

गांव के सरपंच पुत्र रोहित सिंह राजपूत ने बताया कि दो दिन पहले भी इसी जंगली जानवर ने एक गाय और बछड़े को निशाना बनाया था। ग्रामीणों ने वन विभाग को इस घटना की सूचना दी है और जंगली जानवर को पकड़ने (रेस्क्यू) की मांग की है।

देवास वन क्षेत्र के रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेंदुआ द्वारा हमला करने से किसान के घायल होने की जानकारी मिली है। टीम को मौके पर भेजा गया है। रोजड़ी के आसपास जंगली क्षेत्र है, सर्चिंग कर रहे हैं। यदि आवश्यकता पड़ी तो तेंदुए को रेस्क्यू किया जाएगा।

Subscribe Now