बिहार: के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र में बुधवार को अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। दिन के उजाले में हुई हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि अपराधियों ने युवक के चेहरे पर गोली मारकर मौत के घाट उतारा है। मृतक की पहचान प्रभात मिश्रा के रूप में की गई है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर पहुंचे सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने कहा कि घटना के कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है लेकिन, प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है। प्रभात मिश्रा जमीन कारोबार से जुड़े हुए थे। फिलहाल प्राथमिक जानकारी में यही बातें सामने आई हैं।
पुलिस की टीम पूरी जांच पड़ताल कर रही है, जल्द तथ्य सामने आ जाएंगे।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने बताया था कि पांच गोली लगी हुई है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंचकर साक्ष्य संकलन कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्द मामले का खुलासा करेगी। उस मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।





