खंडवा : पुल की रेलिंग तोड़कर 200 फीट गहरी खाई में गिरी बोलेरो, ड्राइवर की मौत

खंडवा : पुल की रेलिंग तोड़कर 200 फीट गहरी खाई में गिरी बोलेरो, ड्राइवर की मौत
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा-भोपाल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार बोलेरो कार नर्मदानगर ओवरब्रिज की सुरक्षा जाली और इंदिरा सागर पावर स्टेशन की रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) को तोड़कर करीब 200 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 26 वर्षीय अभिषेक नरगावे (पिता मायाराम नरगावे) निवासी ग्राम अंजनिया खुर्द के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अभिषेक अपनी खुद की बोलेरो को टैक्सी के रूप में चलाता था। गुरुवार रात वह कुछ सवारियों को छोड़ने के लिए पुनासा से राजगढ़ गया था। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे राजगढ़ से अकेले लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गया। अभिषेक अविवाहित था।

नर्मदानगर थाना प्रभारी (टीआई) विकास खिंची ने बताया कि हादसा इंदिरा सागर बांध के मुहाने पर बने ओवरब्रिज पर हुआ। भोपाल की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और ब्रिज पर लगी लोहे की सुरक्षा जाली को फांदते हुए सीधे 200 फीट नीचे पावर स्टेशन की दीवार पर जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बेहद कठिन परिस्थितियों में 200 फीट नीचे उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कार के गेट बुरी तरह पिचक चुके थे, जिन्हें कटर की मदद से तोड़कर अभिषेक के शव को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार, इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण अभिषेक के सिर और छाती पर बेहद गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Subscribe Now