BREAKING NEWS

तय समय बाद खुले मिले शराब के ठेके, पुलिस-आबकारी की संयुक्त दबिश

तय समय बाद खुले मिले शराब के ठेके, पुलिस-आबकारी की संयुक्त दबिश
चित्तौड़गढ़। शहर में निर्धारित समय के बाद भी देर रात तक शराब की बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों पर पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है। बुधवार रात को रेलवे स्टेशन और प्रतापनगर क्षेत्र में संचालित दो सरकारी अंग्रेजी-देशी शराब की दुकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। चित्तौड़गढ़ पुलिस उप अधीक्षक ब्रजेशसिंह के नेतृत्व में टीम कार्यवाही करने पहुंची। शराब के ठेकों पर मौजूद लोग पुलिस के वाहनों को देख कर इधर-उधर हो गए।

पुलिस उप अधीक्षक ब्रजेशसिंह ने बताया कि चित्तौड़गढ़ नगर परिषद क्षेत्र में लंबे समय से कुछ दुकानों द्वारा नियमों को ताक पर रख कर देर रात तक शराब बेची जा रही थी। शिकायतें मिल रही थी कि कई जगह आधा शटर खोल कर तय समय बाद भी शराब की बिक्री हो रही थी। वहीं कुछ दुकानों पर सुबह 4 से 5 बजे के बीच पीछे के दरवाजों से ग्राहकों को शराब उपलब्ध करवाई जा रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उप अधीक्षक ब्रजेश सिंह के नेतृत्व में सदर थाना अधिकारी प्रेम सिंह एवं आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई की। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संचालक कुलदीप जादौन और प्रतापनगर क्षेत्र में संचालक दिनेश चौधरी की दुकानों पर दबिश दी गई।डीएसपी ब्रजेश सिंह ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में देर रात तक दुकानें खुली रखने की लगातार शिकायतें मिल रही थी। बुधवार रात इसी आधार पर कार्रवाई की गई। आगे भी ऐसी शिकायतों पर निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कुछ दुकानों पर सुबह के समय पीछे के रास्तों से अवैध बिक्री की जानकारी भी मिली है। इसकी जांच की जा रही है और आगामी दिनों में कार्रवाई की जाएगी।

शहर में लंबे समय से नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित होने की चर्चाएं आम थी। इस कार्रवाई को नए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव के कार्यभार ग्रहण करने से पहले पुलिस सख्ती की शुरुआत माना जा रहा है। फिलहाल इससे व्यवस्था में सुधार और आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है। दो दिन पूर्व ही पुलिस मुख्यालय से आदेश जारी कर पुलिस अधीक्षक के पद पर मनीष त्रिपाठी को हटा कर धर्मेंद्रसिंह यादव को लगा दिया। एक या दो दिन में यादव के कार्य भार ग्रहण करने की है।

Subscribe Now