शादी में गए युवक का शव बरामद

शादी में गए युवक का शव बरामद
पलामू। पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा निवासी 18 वर्षीय पवन सिंह, पिता विजय सिंह का शव शुक्रवार रात हड़ही पहाड़ी पर फंदे से लटका हुआ पुलिस ने बरामद किया है।

युवक गांव में ही शादी समारोह में गया था। मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़ कर देखा जा रहा है। परिजनों ने हत्या करके शव फंदे से लटका देने का आरोप लगाया है।

मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में शनिवार दोपहर में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

परिजनों के अनुसार पवन सिंह और उसका दोस्त दीपक सिंह शुक्रवार की रात शादी समारोह में गए थे। अचानक रात में दीपक ने फोन किया कि पवन खुदकुशी करने वाला है, उसे बचाना है तो बचा लीजिए।

सूचना मिलते ही परिजन ढूंढने लगे। इसी बीच पवन हड़ही पहाड़ी पर फंदे से लटका मिला। उसे फंदे से उतार कर इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि पवन सिंह को गांव की ही एक महिला फोन करती थी। उसे घर भी बुलाया करती थी। पवन के खुदकुशी की जानकारी उसने ही दीपक को दी थी। उसके अलावा उसका पति, देवर सहित अन्य लोगों ने मिलकर पवन की हत्या की और उसे खुदकुशी दिखाने के लिए शव को पहाड़ी पर ले जाकर फंदे से टांग दिया।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों का बयान ले लिया गया है। इसके आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Subscribe Now