पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पसिया गांव की एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय शांति बोबोंगा, पति माटा बोबोंगा, के रूप में हुई है।
परिजनाें के अनुसार शांति बोबोंगा अपने घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर नदी किनारे गई थी, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद जेटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
मंगलवार को सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद मृतका के भाई विमल लागुरी ने बताया कि उनकी बहन की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व माटा बोबोंगा के साथ हुई थी। दंपति के पांच बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि शांति बोबोंगा और उसके पति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कई बार परिवार और ग्रामीणों की पहल पर दोनों के बीच समझौता भी कराया गया था।
विमल लागुरी के अनुसार, ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद शांति बोबोंगा घर से निकल गई। कुछ समय बाद गांव के लोग नदी की ओर गए तो वहां महिला को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी गई। विमल लागुरी ने बताया कि उन्हें शाम करीब चार बजे घटना की जानकारी मिली।
ग्रामीणों की ओर से गांव के मुंडा को सूचना दी गई, जिसके बाद जेटिया थाना को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
इधर, जेटिया थाना प्रभारी बॉस मुंडू ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी
Jun 2 2026 10:41AM
2 मिनट का रीड
386253
20





