BREAKING NEWS

ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप, पहुंचे विधायक

ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप, पहुंचे विधायक
पूर्वी सिंहभूम। टाटानगर स्टेशन के चाईबासा स्टैंड के समीप शनिवार को ट्रैफिक जांच के दौरान पुलिस कर्मियों पर एक बुजुर्ग शिक्षक और उनके परिजनाें से अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप लगा। मामले को लेकर कुछ देर के लिए वहां तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पोटका विधायक संजीव सरदार स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जांच कर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, कोवाली निवासी चंदन सरदार अपने चाचा के साथ बारीडीह स्थित विजया गार्डन की ओर जा रहे थे। उनके चाचा शिक्षक हैं और जनगणना कार्य के सिलसिले में दूसरे प्रखंड में ड्यूटी पर जाने वाले थे। बताया गया कि उम्र और स्वास्थ्य कारणों से वे स्वयं वाहन चलाने में असमर्थ थे, इसलिए चंदन उन्हें लेकर जा रहे थे।

चंदन सरदार का आरोप है कि टाटानगर स्टेशन के पास चल रही ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने उनकी बाइक रोक ली। उनका कहना है कि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था और वाहन से संबंधित आवश्यक कागजात की फोटो कॉपी भी दिखाई, इसके बावजूद उन्हें जाने नहीं दिया गया। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने चालान के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की।

घटना से परेशान होकर चंदन सरदार ने तत्काल विधायक संजीव सरदार को फोन कर मामले की जानकारी दी। विधायक ने फोन पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर पुलिसकर्मियों ने उनसे बात करने से इनकार कर दिया। इसके बाद विधायक खुद मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचकर विधायक ने ट्रैफिक थाना प्रभारी और डीएसपी ट्रैफिक को बुलाया और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन आम लोगों को बेवजह परेशान करना या उनसे अवैध वसूली करना गलत है। उन्होंने दोषी पाए जाने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।

कुछ देर बाद डीएसपी ट्रैफिक नीरज पाठक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से जानकारी ली और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Subscribe Now