पूर्वी सिंहभूम। शहर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। पिछले एक सप्ताह के भीतर लू लगने से तीन मजदूरों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद लोगों में दहशत का माहौल है और दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम हो गई है।
शुक्रवार देर शाम परसुडीह के हलुदबनी निवासी 36 वर्षीय राजमिस्त्री सिपाही लोहार की लू लगने से मौत हो गई। बताया गया कि वह बिरसानगर में काम खत्म कर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान गोलमुरी थाना क्षेत्र के मथुरा बगान के पास अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी मौत लू लगने से हुई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इसी दिन पोटका निवासी 33 वर्षीय महिला मजदूर पूजा भूमिज की भी लू लगने से मौत हो गई। पूजा परसुडीह रेलवे साइट पर मजदूरी करती थी। काम समाप्त होने के बाद घर लौटते समय उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह रास्ते में बेहोश होकर गिर पड़ी। साथ काम कर रहे मजदूर उसे सदर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। इससे पहले गुरुवार को मानगो के कपाली निवासी एक मजदूर की भी भीषण गर्मी के कारण मौत हो चुकी है।
इधर, शनिवार को चिकित्सक डॉ. ए.के. चौबे ने लोगों को तेज धूप से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दोपहर 11 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। बाहर निकलते समय सिर ढंककर रखें, हल्के सूती कपड़े पहनें और लगातार पानी, ओआरएस तथा तरल पदार्थ का सेवन करें। उन्होंने निर्माण कार्य, रेलवे साइट और खुले स्थानों पर काम करने वाले मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
भीषण गर्मी बनी जानलेवा: जमशेदपुर में लू से तीन मजदूरों की मौत
May 23 2026 11:37AM
2 मिनट का रीड
310600
22





