पश्चिमी सिंहभूम में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आई शिक्षिका, चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती
पश्चिमी सिंहभूम, 29 जून (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक घंटी आधारित शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा निश्चितपुर स्कूल के समीप हुआ, जहां सड़क पर जा रही शिक्षिका को ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है।
घायल शिक्षिका की पहचान निश्चितपुर निवासी 23 वर्षीय बंदना महतो के रूप में हुई है। वह प्रतिदिन की तरह सोनुआ स्थित एसएस प्लस-2 हाई स्कूल में पढ़ाने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल शिक्षिका को सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल शिक्षिका की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर की पहचान कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज को भी साक्ष्य के रूप में जुटाया गया है, ताकि हादसे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित चालक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।-------





