BREAKING NEWS

logo

दामाद ने ससुर, पत्नी और साली पर चाकू से किया हमला, ससुर की मौत


पलामू। पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के लठैया के गम्हरिया गांव में पत्नी के मायके से ससुराल नहीं जाने के बाद कहा सुनी में दामाद ने चाकू से पत्नी, ससुर और साली पर हमला कर दिया। इस घटना में ससुर की मौत हो गई, जबकि पत्नी-साली गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद से आरोपित दामाद फरार है। घटना गुरुवार देर रात हुई।

ससुर की पहचान गम्हरिया गांव निवासी सुनील यादव के रूप में हुई है।

घायलों में पूजा देवी और उसकी बहन कविता कुमारी शामिल हैं। आरोपित दामाद हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोबा बरेवा का लवकुश यादव बताया गया है।

जानकारी के अनुसार लवकुश यादव गुरुवार शाम ससुराल गम्हरिया गांव आया था। पत्नी को अपने साथ घर ले जाना चाहता था। वह जाने को तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर रात में दोनों के बीच कहा सुनी हुई। अचानक लव कुश हमलावर हो गया और चाकू से पत्नी पर वार करने लगा। चिखने चिल्लाने की आवाज सुनकर ससुर सुनील यादव बीच बचाव करने लगे। लव कुश ने उन्हें भी चाकू मारा। इसी क्रम में उसकी साली कविता कुमारी भी मौके पर पहुंची और पिता और बहन को बचाने की कोशिश की। आक्रोशित लवकुश ने उसे भी चाकू मार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद दामाद मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई थी। चाकू लगने से गंभीर हुए ससुर सुनील की मौके पर मौत हो गई। हालांकि इसके बाद भी उन्हें एमएमसीएस लाया गया जहां, उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एमएमसीएस पुलिस चौकी ने जख्मी का बयान लिया। जख्मी पत्नी और साली ने दहेज के लिए घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से दहेज नहीं मिलने के कारण लवकुश प्रताड़ित कर रहा था। अचानक उसने घटना को अंजाम दिया।

इधर जानकारी मिली है कि गुजरात से मजदूरी करके गुरुवार को ही आरोपित लवकुश यादव लौटा था। जपला रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद सीधे ससुराल गया था। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Subscribe Now