जनरल स्टोर के बाहर हुई फायरिंग

जनरल स्टोर के बाहर हुई फायरिंग
पूर्वी सिंहभूम। जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में रविवार की रात रंगदारी और उधारी के विवाद में फायरिंग करने का मामला प्रकाश में आया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार हबीब नगर स्थित एक जनरल स्टोर पर रविवार रात मोहल्ले के बच्चा राज और पलटन नामक दो युवक पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों युवकों ने दुकानदार से लगभग पांच हजार रुपये की उधारी राशि के साथ-साथ रंगदारी की मांग की। दुकानदार की ओर से पैसे देने से इनकार किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

बताया जाता है कि विवाद बढ़ता देख दुकानदार ने अपनी सुरक्षा के मद्देनजर दुकान का शटर बंद कर लिया। इससे नाराज दोनों युवकों ने कथित तौर पर दुकान के शटर पर लात मारकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।

इसी दौरान उन्होंने इलाके में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

पहली गोली दुकान के सामने सड़क किनारे बंपर के पास चली, जबकि दूसरी गोली कुछ दूरी पर दागी गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दो खाली खोखे बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों की गतिविधियों और घटना के क्रम की पुष्टि की जा सके। जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी के अनुसार अपराधियों की पहचान हो गई है उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Subscribe Now