पूर्वी सिंहभूम। साकची स्थित अशोका होटल में कार्यरत एक रसोइये की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बक्शीपाड़ा निवासी अप्पू प्रमाणिक (36) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अप्पू प्रमाणिक लंबे समय से अशोका होटल में रसोइये के रूप में काम कर रहा था और वहीं रह भी रहा था। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक नजर नहीं आया, तो होटल कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान वह होटल के बाथरूम में अचेत अवस्था में मिला। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत होटल प्रबंधन को सूचना दी, जिसने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मृतक पिछले कुछ समय से पीलिया (जॉन्डिस) से पीड़ित था और उसका इलाज भी चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हुई होगी, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। घटना के बाद होटल कर्मचारियों और परिचितों में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।-
जमशेदपुर के अशोका होटल में रसोइये की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस जांच में जुटी
May 30 2026 2:44PM
2 मिनट का रीड
368001
17





