(संशोधित) रामगढ़ सड़क हादसा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
नोट-यह खबर संशोधन के बाद दोबारा जारी की गई है।
रांची, 26 जून (हि.स.)। रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के समीप देर रात हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में कहा कि लारी-बरलौंग के पास हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत की सूचना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मरांग बुरु से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें।
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार हादसे से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही है।





