BREAKING NEWS

कुख्यात राहुल दुबे गैंग का एक सक्रिय सदस्य गिरफ्तार

कुख्यात राहुल दुबे गैंग का एक सक्रिय सदस्य गिरफ्तार
हजारीबाग। जिला के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपाधीक्षक अमित आंनद ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं गिरफ्तारी के लिए बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष एसआइटी टीम का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोहसिंघना थाना क्षेत्र के रोतरा गांव के पास घेराबंदी कर गैंग के सदस्य जियाउल रहमान उर्फ मोजमिल (25), पिता स्व. रिजवान आलम, निवासी पगमिल, आजाद नगर, पेलावल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खाली मैगजीन, पांच खोखा तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह रेलवे साइडिंग में लेवी वसूली तथा क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। इस संबंध में लोहसिंघना थाना (कांड संख्या 57/26) दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पूर्व से भी लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में कटकमसांडी एवं सदर थाना के मामलों में जेल जा चुका है।

Subscribe Now