इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर की चोइथराम मंडी बुधवार देर रात हिंसा और हंगामे का केंद्र बन गई। मंडी में काम करने वाले चार कर्मचारियों पर बदमाशों ने चाकुओं से हमला कर दिया, जिसमें सभी घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
राजेंद्र नगर थाना पुलिस के मुताबिक घायल कर्मचारियों की पहचान अरुण पुत्र राजू निवासी राजा रानी नगर, सुनील पुत्र बाबूलाल, रंजीत पुत्र रामगणेश और सूरज पुत्र बाबूलाल के रूप में हुई है। सभी कर्मचारी चोइथराम मंडी की दुकान नंबर-1 पर कार्यरत हैं।
शराब के लिए रुपए मांगने पर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात मंडी में फलों से भरे वाहनों को खाली कराने के बाद चारों कर्मचारी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंडी गेट के पास सार्वजनिक शौचालय के निकट अंधेरे में बैठे तीन से अधिक बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए रुपए मांगने लगे।
जब कर्मचारियों ने पैसे देने से इनकार किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बदमाशों ने अचानक चाकू निकालकर सुनील पर हमला कर दिया। उसे बचाने पहुंचे अन्य साथियों पर भी आरोपियों ने ताबड़तोड़ वार किए। हमले में चारों कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद मंडी परिसर में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया।
दो घायलों की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावर अहिरखेड़ी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इन पर पहले भी मंडी क्षेत्र में जबरन वसूली और लूटपाट जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लग चुके हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
मंडी चौराहे पर गुमटी हटाने को लेकर भी बवाल
इधर, चोइथराम मंडी चौराहे पर देर रात एक अन्य विवाद ने भी तनाव बढ़ा दिया। शराब दुकान के बाहर बनी अवैध गुमटी हटाने को लेकर कुछ युवकों और दुकान कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर कांच की टूटी बोतलें मिलीं, लेकिन किसी बड़े गैंगवार या फायरिंग जैसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।
शराब दुकान संचालक सिद्धार्थ जायसवाल ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा अवैध गुमटी हटाए जाने के बाद कुछ युवक कार से पहुंचे और दुकान के सेल्समैन व अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की। स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में अवैध अहाते और गुमटियों को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई है। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।
इंदौर की चोइथराम मंडी में देर रात चाकूबाजी, शराब के लिए रुपए नहीं देने पर हमला, चार कर्मचारी घायल
May 28 2026 7:14AM
3 मिनट का रीड
348949
13





