-देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के
स्वागत में गोहाना रेलवे जंक्शन पर चला विशेष स्वच्छता अभियान
सोनीपत। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के ऐतिहासिक संचालन से पूर्व गोहाना रेलवे जंक्शन पर गुरुवार को स्वच्छता से स्वागत अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. रीता शर्मा एवं कार्यकर्ताओं के साथ झाड़ू लगाकर अभियान की शुरुआत की और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाने में श्रमदान किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में अतिथि का स्वागत सर्वोच्च परंपरा रही है।
हम प्रतिदिन अपने घर की साफ-सफाई करते हैं, लेकिन जब कोई विशिष्ट अतिथि आने वाला होता है, तो पूरे उत्साह और समर्पण के साथ घर को सजाते-संवारते हैं। 17 जुलाई को जब देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन पहली बार गोहाना रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, तब यह केवल एक ट्रेन का आगमन नहीं होगा, बल्कि आधुनिक भारत के इतिहास का स्वर्णिम क्षण होगा।
इसी भावना के साथ रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
इस परियोजना से गोहाना को वैश्विक पहचान भी मिलेगी और यह शहर आधुनिक एवं स्वच्छ परिवहन व्यवस्था की नई पहचान बनेगा। प्रधानमंत्री nनरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली इको-फ्रेंडली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर जींद में विशाल इको-फ्रेंडली रैली का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी होगी।





