भीमनगर सीमा पर मानव तस्करी का प्रयास विफल, नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचाया

भीमनगर सीमा पर मानव तस्करी का प्रयास विफल, नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचाया
सुपौल : भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मानव तस्करी के एक प्रयास को विफल करते हुए एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचा लिया। यह कार्रवाई भीमनगर स्थित अंतरराष्ट्रीय चेक पोस्ट पर नियमित जांच अभियान के दौरान की गई।

द्वितीय कमान अधिकारी (कार्यवाहक कमांडेंट) जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सीमा चौकी भीमनगर के जवान नेपाल से भारत की ओर आने वाले लोगों की नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान दो युवतियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें रोककर पूछताछ की गई।

पहचान पत्रों के सत्यापन और प्रारंभिक पूछताछ में दोनों द्वारा अलग-अलग एवं विरोधाभासी जानकारी दी गई। बार-बार बयान बदलने से जवानों का संदेह गहरा गया, जिसके बाद विस्तृत जांच शुरू की गई। गहन पूछताछ के दौरान मामला मानव तस्करी से जुड़ा हुआ प्रतीत हुआ। जांच में एक युवती की पहचान मधुबनी जिले की रहने वाली 23 वर्षीय आरती कुमारी के रूप में हुई। वहीं उसके साथ एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की भी थी।

जांच में सामने आया कि नाबालिग को नौकरी दिलाने का झांसा देकर नेपाल से भारत लाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी की मानव तस्करी विरोधी टीम को सक्रिय किया गया। साथ ही सर्वो प्रयास संस्था, मधुबनी तथा जागरण कल्याण भारती, फारबिसगंज के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना के हवाले कर दिया गया। इस अभियान में एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक मोहनलाल समेत अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव तस्करी, अवैध गतिविधियों और सीमा अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई को सीमा सुरक्षा और मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Subscribe Now