टैक्स चोरी के शक में जीएसटी का शिकंजा, सिगरेट और पटाखा कारोबारियों पर छापा
हरिद्वार। जीएसटी विभाग ने गुरुवार को रुड़की में सिगरेट और पटाखों के बड़े कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर व्यापक जांच अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
विभागीय टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर स्टॉक, खरीद-बिक्री के बिल, जीएसटी रिटर्न और अन्य वित्तीय अभिलेखों की गहन जांच शुरू की। अधिकारियों द्वारा मौके पर उपलब्ध माल का दस्तावेजों से मिलान किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की कर अनियमितता का पता लगाया जा सके। यह कार्रवाई जीएसटी विभाग के जॉइंट कमिश्नर राजेंद्र लाल वर्मा के निर्देश पर की जा रही है। अभियान में राज्य कर अधिकारी धर्मवीर सैनी, नारसन चेक पोस्ट प्रभारी मनमोहन असवाल, राज्य कर अधिकारी नितिन कुमार, नीतीश शंकर और साहना परवीन सहित विभाग की टीम शामिल हैं।
जॉइंट कमिश्नर राजेंद्र लाल वर्मा ने बताया कि विभाग की कार्रवाई फिलहाल जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल जीएसटी विभाग की टीम प्रतिष्ठानों पर जांच में जुटी हुई है।





