मेरठ। मुजफ्फरनगर जनपद के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली-देहरादून हाईवे पर गुरुवार सुबह सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। मरने वालों में अलीगढ़ के चार कारोबारी शामिल थे, जो कार द्वारा हरिद्वार जा रहे थे।
अलीगढ़ के कुछ लोग तीन कारों में सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे। सबसे आगे अर्टिगा कार चल रही थी। इस कार में सात लोग सवार थे। गुरुवार सुबह जब इनकी कार मुजफ्फरनगर जनपद के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-दूहरादून हाईवे पर पहुंची तो अचानक अर्टिगा कार ने सामने जा रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों की पहचान रतन, भोला, जुगल और राहुल निवासी गांव गोंडा जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों और मृतकों को गाड़ी से बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य दो कारों में सवाल लोगों ने अलीगढ़ में मृतकों के परिजनों को सूचना दी। दोपहर तक मृतकों और घायलों के परिजन भी मुजफ्फरनगर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ नई मंडी रुपाली राव चौधरी के अनुसार, सड़क दुर्घटना में चार दोस्तों की मौत हो गई। ट्रक को छोड़कर चालक फरार हो गया। ट्रक को थाने में खड़ा करवा दिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
मुजफ्फरनगर में सड़क दुर्घटना में अलीगढ़ के चार कारोबारियों की मौत
Sep 12 2024 5:32PM
2 मिनट का रीड
254301
9





