सरकारी फंड में हेराफेरी का आरोप, तृणमूल के पूर्व उपप्रधान गिरफ्तार

सरकारी फंड में हेराफेरी का आरोप, तृणमूल के पूर्व उपप्रधान गिरफ्तार

सिलीगुड़ी। सरकारी धन के कथित गबन के आरोप में नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत के पूर्व उपप्रधान और तृणमूल कांग्रेस के अंचल अध्यक्ष विश्वजीत घोष को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर पंचायत की आय की राशि जमा नहीं करने और कथित तौर पर सरकारी धन के गबन का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत के विपक्ष के नेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंडल अध्यक्ष साधन चक्रवर्ती की शिकायत के आधार पर नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने सोमवार रात विश्वजीत घोष को गिरफ्तार किया।

आरोप है कि पंचायत के विभिन्न स्रोतों से राजस्व के रूप में राशि वसूलने के बावजूद उसे पंचायत कार्यालय में जमा नहीं किया गया। साधन चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि पूर्व उपप्रधान ग्राम पंचायत कार्यालय को अपनी निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल करते थे और बस स्टैंड, होर्डिंग तथा टोल टैक्स से मिलने वाले राजस्व को पंचायत में जमा करने के बजाय कथित तौर पर खुद हड़प लेते थे। उनके मुताबिक, इस मामले में करीब तीन लाख रुपये के गबन का आरोप है।

मंगलवार को उन्हें सिलीगुड़ी अदालत में पेश करने के दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोपित के खिलाफ चोर- चोर के नारेबाजी की और कथित तौर पर अंडे भी फेंके।

Subscribe Now