अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक फल दुकान में भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा लगाई गई इस आग में दुकानदार को करीब एक लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, उदयपुर निवासी पिन्टू कुमार (अभिजीत सिंह) एचपी पेट्रोल पंप के सामने “वृंदावन फ्रूट्स एवं वेजीटेबल मार्केट” का संचालन करते हैं। मंगलवार रात करीब 2 बजे अज्ञात तत्वों ने दुकान में आग लगा दी। घटना की जानकारी पड़ोसी ऋषिकेश सोनी ने फोन पर संचालक को दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, आग विकराल रूप ले चुकी थी।
स्थानीय लोगों और पुलिस की टीम ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात करीब 3 बजे अदानी कंपनी की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस आगजनी में दुकान के भीतर रखे लगभग 90 हजार रुपये के फल, अलमारी, ट्रे और इलेक्ट्रॉनिक तराजू जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में खड़ी एक कार और घर की लाइट फिटिंग को भी क्षति पहुँची है।
पीड़ित दुकानदार ने आशंका जताई है कि किसी ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग कर दुकान को जानबूझकर आग के हवाले किया गया है। मामले की लिखित शिकायत उदयपुर थाने में दर्ज करा दी गई है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अंबिकापुर : शरारती तत्वों ने फल दुकान को फूँका, लाखों का सामान जलकर खाक
Apr 15 2026 3:03PM
2 मिनट का रीड
600686
32





