फरीदाबाद। फरीदाबाद के सेक्टर-8 थाने में पुलिस की सुरक्षा में रखे गए 32 हथियार चोरी होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सभी हथियार बरामद कर लिए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने शनिवार को बताया कि यह मामला दो महीने पुराना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवक आईटीआई के जरिए अप्रेंटिस पर आया था। उसने एक-एक करके हथियारों को चोरी किया और अपने जानकारों के माध्यम से बेच दिया। पुलिस सारे हथियार बरामद कर चुकी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-8 पुलिस थाने के मालखाने से जो हथियार गायब हुए, उनमें कई विदेशी हथियार भी शामिल थे। इनकी कीमत 2 लाख रूपए से लेकर करीब 12 लाख रूपए तक थी। इनमें मंहगी विदेशी पिस्टल शामिल थी। पुलिस के अनुसार रूटीन जांच के दौरान पुलिस हथियारों की संख्या में गड़बड़ मिली थी। पहली जांच में केवल 13 हथियारों के गायब होने का पता चला था। मगर, जब गहन जांच की गई तो उसमें ये संख्या 32 तक पहुंच गई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने मामले की जांच शुरू करवाई, जिसमें 32 हथियारों के गायब होने की जानकारी मिली है।
मामले की जांच हुई तो पता चला कि थाने में आईटीआई के जरिए अप्रेंटिस पर आए एक युवक ने ये सारे हथियार उड़ा दिए और राजस्थान, नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर में बेच दिए। मामले का पता चलते ही पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने टीमें दौड़ाई और सभी हथियार बरामद कर लिए गए। मगर, इसे बड़ी लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से मालखाना इंचार्ज एएसआई बिजेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ थाने में ही एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।





