भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते का लाभ उठाएं उद्यमी : आलोक श्रीवास्तव

भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते का लाभ उठाएं उद्यमी : आलोक श्रीवास्तव

मीरजापुर, । जनपद के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक होटल में निर्यात सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का आयोजन विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी), फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (फियो) तथा जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसमें जिले के 40 से अधिक उद्यमियों और निर्यातकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। फियो के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने 15 जुलाई से लागू होने वाले भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय उत्पादों पर ब्रिटेन में आयात शुल्क शून्य होने से निर्यातकों के लिए नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने उद्यमियों से इस समझौते का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार ने कहा कि मीरजापुर ऐतिहासिक रूप से औद्योगिक केंद्र रहा है। ऐसे सम्मेलन स्थानीय उद्योगों को नई दिशा देने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ाएंगे। उन्होंने उद्योग विभाग की योजनाओं और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सहायक महानिदेशक विदेश व्यापार राजन जोशी ने केंद्र सरकार की निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म, जिला निर्यात हब योजना और नए बाजारों की संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार ने कहा कि राज्य सरकार निर्यातकों को वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और विपणन सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे स्थानीय उत्पाद वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बना सकें। सम्मेलन में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।

Subscribe Now