पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सरकारी कार्यालयों में शीतल पेयजल की व्यवस्था शुरू कर दी है।
जिला उपायुक्त-सह-दंडाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों, अनुमंडल कार्यालयों तथा मुख्यालय स्थित विभिन्न सरकारी दफ्तरों में घड़ों के माध्यम से ठंडे और स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि भीषण गर्मी के दौरान सरकारी कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। कार्यालयों में आने वाले लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उन्हें तेज गर्मी और लू से बचाया जा सके। प्रशासन का कहना है कि आम जनता की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही प्रशासन ने जिले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। चाईबासा और चक्रधरपुर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही खराब और बंद पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा गया है, ताकि ग्रामीण इलाकों में लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
शहरी क्षेत्रों में भी जल संकट की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। जरूरत पड़ने पर पानी टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गर्मी और हीटवेव के दौरान जिले में किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न नहीं होने दिया जाएगा तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।





