रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनादगांव जिले के डोंगरगढ़-मुरमुंदा रोड पर आज शनिवार सुबह करीब 4 बजे कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर के बाद कार में आग लग गई। साथ ही स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह से जल गई। हादसे में किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल सामने नहीं आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया और आग बुझाई गई। हादसे के बाद सड़क पर जली कार के अवशेष और क्षतिग्रस्त स्कूटी का मंजर सामने आया। हादसे के बाद से ही कार और स्कूटी के मालिक/चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है और वे फिलहाल लापता बताए जा रहे हैं।
पुलिस द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग गोंदिया निवासी बताए जा रहे हैं। सभी राजनांदगांव से डोंगरगढ़ की ओर मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने के बाद गोंदिया लौट रहे थे । हालांकि कार में कितने लोग सवार थे और हादसे के बाद उनकी स्थिति क्या रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कार और स्कूटी की भिड़ंत के बाद स्पार्किंग के बाद आग लगी । आग इतनी तेजी से फैली कि कार जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। क्षतिग्रस्त कार पर MH35KR5879 नंबर है। डोंगरगढ़ पुलिस वाहन के मालिक का पता लगाने और पंजीयन संबंधी जांच में जुट गई है । पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि स्कूटी किसकी है और हादसे के वक्त उसे कौन चला रहा था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों वाहनों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।





