छत्तीसगढ़ में आगामी पांच दिन तक गरज-चमक और बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में आगामी पांच दिन तक गरज-चमक और बारिश के आसार
रायपुर । भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के कुछ हिस्सों में प्रवेश करने के संकेत मिल रहे हैं।

रविवार को मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि राजधानी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में गर्मी का असर बना रहा।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। पर्याप्त नमी और अनुकूल वायुमंडलीय स्थिति के कारण आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इसके साथ ही अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर बिलासपुर रहा जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अम्बिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रहने की संभावना जताई है।

Subscribe Now