बिजनौर : उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव गदनपुर निवासी दो युवकों पर गुलदार ने उस समय जानलेवा हमला कर घायल कर दिया जब वे निकट के गांव भवानीपुर से दवाई लेकर बीती रात रविवार काे वापस घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक तथा नितिन गांव भवानीपुर से डॉक्टर अमित के यहां से दवाई लेकर बीती रात लगभग साढ़े आठ बजे बाइक से अपने गांव गदनपुर जा रहे थे। रास्ते में जंगल में सादीक के कुएं के पास गुलदार ने खेत से निकलकर उन पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाई घायल हो गए। शोर मचाने पर आसपास के गांव के ग्रामीण आ गए और उन्हें बचाया।
घायल अभिषेक ने बताया कि हमारी बाइक हमले के दौरान गिरी नहीं अन्यथा गुलदार किसी को भी दबोच सकता था। घायल दोनों भाइयों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जिनका इलाज किया जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाए जाने की मांग की है।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अभिनव राज ने बताया कि दाे भाईयाें पर गुलदार के हमले का मामला सामने आया है। फिलहाल दाेनाें सुरक्षित हैं। मामले में वन टीम लगाकर गुलदार काे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जनपद बिजनौर में पिछले दो वर्षों के दौरान 36 लोग गुलदार का शिकार बन जान गंवा चुके हैं।





