पटना। बिहार की राजधानी पटना की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान गुरुवार को होगा। चुनाव मैदान में कुल 25 प्रत्याशी हैं, जिनके भाग्य का फैसला 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता करेंगे। इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता और एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के बीच माना जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की 14 कंपनियां लगाई गई हैं। इनमें 9 प्लाटून स्वायड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 6 वीडियो सर्विलांस टीम, 3 वीडियो व्यूइंग टीम और 42 सेक्टर पदाधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्र के आसपास किसी भी प्रकार की भीड़ या अनावश्यक गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नगर निगम की ओर से 1,266 कर्मियों की तैनाती की गई है, जो साफ-सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करेंगे।
मतदान केंद्रों पर दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से डाले जाएंगे। तीन अगस्त को मतगणना होगी। मतगणना के लिए बोरिंग रोड स्थित एएन कॉलेज में केंद्र बनाया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मतगणना स्थल की तैयारियों की समीक्षा की है। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा और निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी।
प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।
मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां से चुनाव संबंधी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। अब चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद मतदाता तय करेंगे कि क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किसके हाथों में जाएगा। गुरुवार को होने वाले मतदान के साथ ही 25 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा।





