बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, गोवध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा एक जिंदा बैल बरामद किया गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
सीओ के मुताबिक, जब पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी।
घायल होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान शब्बीर पुत्र सिद्दीक, निवासी थाना सिंघावली अहीर (बागपत), महबूब पुत्र फारूक और नवाजिश पुत्र महबूब, दोनों निवासी थाना सरूरपुर (मेरठ), के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से तीन तमंचे, छह कारतूस और गोवध में इस्तेमाल होने वाले फावड़े सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से एक जिंदा बैल को भी सकुशल मुक्त कराया गया।
सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उनके खिलाफ गोवध और अन्य आपराधिक मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, दोघट थाने में भी इन आरोपियों के खिलाफ गोवध से संबंधित मामले पंजीकृत हैं।
फिलहाल, तीनों आरोपियों का इलाज जारी है और थाना सिंघावली अहीर पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
-





