मसौढ़ी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार

मसौढ़ी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार
पटना। बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों अपराधियों पर डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट के 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार दोनों कई राज्यों में वांछित थे और बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि मसौढ़ी थाना पुलिस को बुधवार सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि दो अपराधी थाना क्षेत्र में स्थित एक सोना-चांदी की दुकान में लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने अपराधियों की लोकेशन मिलने के बाद इलाके में छापेमारी शुरू की। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस बल को देखते ही अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की ओर से चलाई गई एक गोली पुलिस वाहन में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने संयम और सतर्कता के साथ आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी अजय पासवान के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी अजय यादव को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं। बरामद हथियारों और अन्य सामानों को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों अपराधी 13 मई 2026 को गोपालपुर थाना क्षेत्र में सीएमएस कंपनी की कैश वैन से हथियार के बल पर हुई लूट की घटना में भी शामिल थे। उस मामले का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए कई अपराधियों को गिरफ्तार किया था और अब पकड़े गए दोनों बदमाशों की संलिप्तता भी उस कांड में पाई गई है।

पुलिस का कहना है कि दोनों अपराधियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि वे राज्य में और किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं।-

Subscribe Now