बीच धारा में खराब हुई यात्रियों से भरी नाव, एसडीआरएफ ने बचाई 100 से ज्यादा जानें

बीच धारा में खराब हुई यात्रियों से भरी नाव, एसडीआरएफ ने बचाई 100 से ज्यादा जानें
भागलपुर। भागलपुर में गंगा नदी के बीच शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक नाव बीच धारा में खराब हो गई।

नाव बरारी गंगा घाट से महादेवपुर गंगा घाट जा रही थी। इसी दौरान अचानक नाव का इंजन बंद हो गया और नाव बीच गंगा में ही रुक गई। नाव पर करीब 100 से ज्यादा लोग सवार थे। इनमें महिलाएं, बच्चे और मरीज भी शामिल थे।

नाव के बीच नदी में फंसते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। लोग घबराकर मदद की गुहार लगाने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एसडीआरएफ जवानों ने काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। वहीं नाव पर सवार लोगों ने बताया कि अचानक इंजन बंद होने से सभी लोग काफी डर गए थे। खासकर मरीजों और बच्चों के परिजन काफी सहमे हुए थे।

Subscribe Now