सीवान : नगर परिषद क्षेत्र के चकिया स्थित श्मशान घाट की भूमि को लेकर उत्पन्न विवाद के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने गुरुवार को स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार, चकिया गांव स्थित खाता संख्या-49, सर्वे संख्या-130, रकबा 12 कठ्ठा 18 धुर भूमि, जो राजस्व अभिलेखों में मुरदघटी के रूप में दर्ज बताई जा रही है, को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायत की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से इस स्थान का उपयोग अंतिम संस्कार एवं दफनाने के कार्य के लिए करते आ रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि हाल के दिनों में कुछ लोगों द्वारा श्मशान घाट क्षेत्र में अंतिम संस्कार के लिए आने पर आपत्ति जताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में भूमि की पैमाइश कराकर सीमांकन एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी को अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर उचित समाधान निकालने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि से जुड़े मामलों का समाधान राजस्व अभिलेखों एवं विधिक प्रक्रिया के अनुसार होना चाहिए, ताकि सभी पक्षों के हित सुरक्षित रह सकें।
राहुल तिवारी ने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी एवं संबंधित अंचल अधिकारी से बातचीत कर मामले की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
चकिया श्मशान घाट भूमि विवाद को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
Jun 4 2026 9:16AM
2 मिनट का रीड
398201
10





