logo

पुलिस मुठभेड़, महिलाओं से छिनैती करने वाला बदमाश गिरफ्तार


बरेली। महिलाओं से मोबाइल, पर्स और हैंडबैग छीनने की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को मंगलवार तड़के थाना सुभाषनगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय उर्फ संजू उर्फ रघु (24) पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम सुकाली, थाना शाही के रूप में हुई है। वह अपने साथी अमित के साथ मिलकर इज्जतनगर, कैंट और सुभाषनगर क्षेत्र में महिलाओं से छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था। अमित की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

बताया गया कि 9 मार्च को इज्जतनगर के नैनीताल रोड रेलवे मार्केट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला का हैंडबैग छीना था। इसके बाद 12 मार्च को कैंट क्षेत्र के बुखारा मोड़ के पास महिला के कंधे से पर्स छीन लिया गया। वहीं, 13 मार्च को सुभाषनगर क्षेत्र में पराग फैक्ट्री के पास स्कूटी सवार महिलाओं से मोबाइल और वॉलेट छीन लिया गया था।

इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। मंगलवार सुबह करीब चार बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बिना नंबर प्लेट की यामाहा एफजेड बाइक से करगैना चौकी क्षेत्र में घूम रहा है। इस पर पुलिस ने फतेहपुर रोड इटौआ मोड़ पर घेराबंदी की।

पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैरों में गोली लग गई। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक, एक सैमसंग मोबाइल, 2500 रुपये नकद और दो आधार कार्ड बरामद हुए।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि महिलाओं से छिनैती की घटनाओं में शामिल गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। उसके फरार साथी की तलाश में टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Subscribe Now