BREAKING NEWS

logo

अग्निवीर दीपक को नम आँखों से अंतिम विदाई


चंपावत। पाटी विकासखंड के खरही गांव के अग्निवीर दीपक सिंह को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकी पर तैनात दीपक सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। सेना मामले की जांच कर रही है।

सेना के विवरण के अनुसार, अग्निवीर दीपक सिंह को 3-4 गोलियां लगी थीं। पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवराज सिंह राणा ने बताया कि शव के साथ आए सैन्य अधिकारी ने यह जानकारी दी है। मात्र 23 वर्षीय दीपक सिंह, पुत्र शिवराज सिंह, दो वर्ष पूर्व ही अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें मेंढर तहसील स्थित अग्रिम पोस्ट पर तैनात किया गया था।

गत 22 नवंबर को दोपहर करीब ढाई बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव खरही में दुख का माहौल छा गया।रविवार सुबह सूबेदार दीपक के नेतृत्व में सैन्य दल पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचा। सोमवार को स्थानीय घाट पर आयोजित अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंतिम संस्कार के अवसर पर एसडीएम अनुराग आर्य, सीओ शिवराज सिंह राणा, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Subscribe Now