आगरा। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा में शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आगरा विकास प्राधिकरण की प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी टाउनशिप योजना 'ग्रेटर आगरा योजना' का शिलान्यास करेंगे।
मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वृंदावन में पवन हंस हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा सीधे आगरा में एत्मादपुर के कुबेरपुर क्षेत्र स्थित रायपुर रहनकलाँ शिलान्यास स्थल के निकट बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे और वहां आधुनिक सुविधा युक्त 10 टाउनशिप योजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। टाउनशिप के अलावा जनपद की 324 विभिन्न परियोजनाओं का भी शिलान्यास एवं लोकार्पण भी मुख्यमंत्री करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी करीब 4:30 बजे सांय हेलीकॉप्टर से रायपुर रहनकला कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री टाउनशिप के मॉडल का अवलोकन करने के साथ-साथ एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम से पहले दोपहर करीब 2:15 बजे लखनऊ से वायुयान द्वारा आगरा खेरिया सिविल एयरपोर्ट पर आएंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा वृंदावन के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। वृंदावन में जगतगुरु मलूक दास जयंती कार्यक्रम में भाग लेने के बाद हेलीकॉप्टर से आगरा में सीधे शिलान्यास स्थल रायपुर/ रहनकलां शाम 4:30 बजे पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री आज शहरी विस्तारीकरण/ नए शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा 5,142 करोड़ से आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र के अंतर्गत कुबेरपुर स्थित रायपुर रहन कलां में आधुनिक सुविधा युक्त 10 टाउनशिप की नींव रखेंगे।यह प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी टाउनशिप योजना है। 449.65 हेक्टेयर भूमि पर 10 टाउनशिप का विकास किया जाएगा जिनका नामकरण देश की 10 प्रमुख नदियों के नाम पर किया गया है। टाउनशिप के अंतर्गत 4712 भूखंड निर्मित किए जाएंगे जिनमें ईडब्ल्यूएस, एल आई जी,एम आई जी और एचआईजी श्रेणियों के कुल 4391 आवासीय, 40 ग्रुप हाउसिंग, 160 मिश्रित एवं 121 अनावासीय भूखंड सम्मिलित हैं। इस योजना से 1.50 लाख लोगों के लिए आधुनिक सुविधायुक्त आवासीय व्यवस्था सुलभ होगी।
एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मौली ने बताया कि ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट के अंतर्गत 449.65 हेक्टेयर भूमि पर 10 टाउनशिप का विकास किया जाएगा। अभी तक इस आवासीय योजनाओं में भूमि दर तय नहीं की गई है। आगामी दिनों में एडीए की बैठक में यह भूमि दर तय कर ली जाएगी और लगभग एक महीने बाद इन भूखंडों की बुकिंग भी शुरू हो जाएगी।
आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए )द्वारा टाउनशिप में जो 10 टाउनशिप बनाए जा रहे हैं उनके नाम गंगापुरम, नर्मदा पुरम, गोमतीपुरम, यमुनापुरम, कृष्णापुरम, सिंधुपुरम, बेतवा पुरम, महानदीपुरम,गोदावरीपुरम, कावेरीपुरम रखे गए हैं। ए डी ए पहले चरण में नर्मदा पुरम, गंगापुरम और महानदीपुरम को लांच करेगा।
आगरा -मुख्यमंत्री योगी प्रदेश की सबसे बड़ी टाउनशिप योजना का करेंगे शिलान्यास
देश की 10 प्रमुख नदियों के नाम पर होगा योजना के 1० टाउनशिपों का नामकरण












