उसरी गांव में पसरा मातम, बेटे के शव से लिपटकर बिलखती रही मां
मछली पालन वाले पोखर में गिरा मासूम, परिवार में मचा कोहराम
बैकुंठपुर (गोपालगंज) : बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में पोखर में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। खेलते-खेलते मासूम मौत के मुंह में समा गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान उसरी गांव निवासी वाल्मीकि सहनी के तीन वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि सुजीत घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। घर के बगल में पानी से भरा एक पोखर है, जिसमें मछली पालन किया जाता है। खेल के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा।
काफी देर तक बच्चा नजर नहीं आने पर परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। परिवार के लोग और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान पोखरे से मासूम का शव बरामद किया गया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां नीतू देवी बेटे के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगीं।
दादा ध्रुव सहनी, दादी शारदा देवी, बड़ा भाई सत्यम कुमार, चाचा बुलेट सहनी, राजा सहनी, केतु सहनी तथा चाची आरती देवी और कंचन देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अपर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया जाएगा।





