BREAKING NEWS

फतेहाबाद में 26 लाख की अफीम के साथ पांच सप्लायर गिरफ्तार

फतेहाबाद में 26 लाख की अफीम के साथ पांच सप्लायर गिरफ्तार
फतेहाबाद। नशा मुक्त फतेहाबाद अभियान के तहत फतेहाबाद पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। सीआईए और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीमों ने दो अलग-अलग मामलों में मंगलवार काे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल पांच किलो 497 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 26 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

मंगलवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि ये दोनों कार्रवाइयां गुप्त सूचनाओं के आधार पर की गई। पहली कार्रवाई सीआईए फतेहाबाद के प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल के नेतृत्व में अमल में लाई गई। टीम को सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार के माध्यम से पुख्ता जानकारी मिली थी कि गांव इन्दाछुई निवासी सत्यवान पुत्र सुल्तान सिंह अपने खेत में बने कोठे में रहकर अफीम तस्करी का धंधा करता है। 

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर दबिश दी और आरोपी सत्यवान को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 2 किलो 560 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर टोहाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरी बड़ी कार्रवाई एएनसी फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक साधूराम के नेतृत्व में की गई। सहायक उपनिरीक्षक रामअवतार की टीम को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के रास्ते कार से भारी मात्रा में नशा लाया जा रहा है।

इस पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेशनल हाइवे 9 पर गांव धांगड़ के पास हाईवे पुल के नीचे नाकाबंदी की। नाके के दौरान जब एक संदिग्ध टाटा टियागो कार को रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें से 2 किलो 937 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 13 लाख रुपये है। कार में सवार चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान आनंद कुमार, श्याम पाठक, ब्रह्मानंद और संजीव कुमार उर्फ संजू के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के बदायूं, कासगंज और शाहजहांपुर जिलों के रहने वाले हैं।

 पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है और थाना सदर फतेहाबाद में केस दर्ज किया है। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह अफीम कहां से लेकर आए थे और हरियाणा में इसे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था।

Subscribe Now