जींद। जिला पुलिस ने इस वर्ष एक जनवरी से नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत अब तक 23 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में पुलिस ने 38 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.370 किलोग्राम चरस, 137.07 किलोग्राम गांजा, 385.91 किलोग्राम डोडा पोस्त व 0.41864 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने अबतक पीआईटी एनडीपीएस के तहत कार्रवाई करते हुए चार नशा तस्करों को डिटेन कर जेल भेजा है। छह केसों में सात आरोपितों व उनके दो परिजनों की दो करोड़ 47 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज करवाई है।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने शुक्रवार काे बताया पुलिस ने जिले में धमतान साहिब, चमेला कालोनी नरवाना व रसीदां को नशा तस्करी को लेकर हॉट स्पाट घोषित किया है। इन गांवों व कालोनी में पुलिस ने बिजली निगम के साथ समन्वय स्थापित कर सघन तलाशी अभियान भी चलाया है। इस दौरान बिजली निगम द्वारा 24 लाख रुपये जुर्माना भी लोगों पर लगाया गया है।
डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा ने बताया कि पुलिस समय-समय पर इस प्रकार के अभियान चलाती रहती है। जिला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ पूरी सतर्कता एवं गंभीरता से कार्य कर रही है। पुलिस द्वारा न केवल आरोपितों को गिरफ्तार किया जा रहा है बल्कि उनके नेटवर्क को भी ध्वस्त करने के लिए गहनता से जांच कर सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि नशे की जड़ों को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को भी नशा तस्करी या नशा की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आमजन का सहयोग ही नशामुक्त समाज की दिशा में सबसे बड़ा योगदान है।
जींद : पुलिस ने 23 मामले दर्ज कर 38 नशा तस्करों को किया काबू
Mar 27 2026 5:25PM
2 मिनट का रीड
257273
11





